कुल पेज दृश्य

बुधवार, 4 जनवरी 2017


उसकी रगों में रंगों के राग
रंग को पहनना और उसकी रंगत को जी लेना सबके बस की बात नहीं। वो आदतन अपने रंग को लेकर आश्वस्त रहती है। वो तपाक से हर उस बात को सिरे से ख़ारिज़ कर देती है जिसमें उसके सौंदर्य की सराहना किसी एक रंग के आधार पर होती है। उसके शरीर पर  गोरा, साफ़, सांवला और काला रंग कभी चढ़ा ही नहीं। चढ़ा भी तो टिका नहीं। टिकता कैसे, उस पर चढ़ने वाले रंग खुद ब खुद खिल जाते हैं...हरा,पीला,नीला,लाल,धानी,आसमानी,वाइन कलर और न जाने कितने रंग उस पर चढ़ते हैं और उतराने लगते हैं। रंग उसकी रगों में राग बनकर बजते हैं। पर वो उन रंगों की स्वाभाविकता को सहेजे रखने के लिए इतराती नहीं है। वो रंगों से खेलती है,उन्हें महसूसती है,उन्हें अपने ऊपर खिलने की आज़ादी देती है। और खुद उनमें खो जाती है। एक बार की बात है उसके ऊपर पीला धधक रहा था,उसके कदम जहाँ जहाँ पड़ रहे थे सब उसके रंगों में घुलते जा रहे थे। वो नदी के एक किनारे पड़े पत्थर पर बैठ गयी। पूरी नदी का रंग पीला हो गया, नदी में नीला आसमान भी पीला। वो रंग है, उसके जीवन के कैनवास में हज़ारों रंग रंगोली की तरह सजते हैं। उसे रंगों से बेहद प्रेम है, रंग उसके प्रेम में पागल इतराये फिरते हैं।

रविवार, 27 नवंबर 2016

मुझे मेरे हिस्से की ...!

रखो
तुम अपने हिस्से के
सुख चैन, सहानुभूति

रखो
तुम अपने हिस्से की
दुनियादारी, दिखावट के सामान

रखो
तुम अपने हिस्से के
प्रेम साहित्य

रखो
तुम अपने हिस्से के
भविष्य सहेज कर

रखो
तुम अपने हिस्से की
नसीहतें, चिंताएं

रखो
तुम अपने हिस्से की
सहन की गाथाएं

मुझे
मेरे हिस्से की
आखरी सांस दे दो



गुरुवार, 24 नवंबर 2016


                       चाय चिपकी रहती है होंठ पर देर तक

तुम्हारे साथ चाय पीने के बाद पता चला, कि चाय आदत भर नहीं है। तुमको एक तरफ़ा याद करते करते रोज़ की जेहनी और जिस्मानी थकन को मिटाने का माध्यम भी नहीं है चाय। चाय मीठी सी कसक है, जिसे मैं ज़िंदा रखना चाहता हूँ तुम्हारे मर जाने के एक अरसे बाद भी। चाय जितनी मीठी होती है उतनी ही देर तुम्हारी कसक होंठों से चिपकी रहती है। चाय के तुरंत बाद उखड़ी सिगरेट की तलब की वर्षों पुरानी आदत को बुझा देता हूँ बिना जलाये। तुम किसी महारानी की तरह अक्सर चाय के दो घूँट छोड़ दिया करती थीं प्याले में। मैं अब चाय की दो बूँद भी ज़ाया नहीं करना चाहता। यकीन नहीं होगा, मैं चाय अकेले नहीं पीता, एक चाय तुम्हारे नज़र पुराने जर्जर आले में रख देता हूँ, अपनी खौलती हुयी गर्म चाय गटक कर तुम्हारे हिस्से की ठंढी चाय एक सांस में पी जाता हूँ। चाय तुम्हारी ही तरह ख्यालों में रहती है, लेकिन उसकी मिठास चिपकी रहती है होंठों पर देर तक।


बुधवार, 23 नवंबर 2016

पहाड़ से पहाड़ी लड़की की ऊभ




पहाड़ से पहाड़ी लड़की की ऊभ

कच्ची पक्की पहाड़ियों पर अक्सर हवा से बातें करती एक पहाड़ी लड़की कि ज़ुबान पर घुमाओ दार रास्तों से ऊभ की बात ने पूरे पहाड़ पर मायूसी बो दी है । झरने, नदी के किनारे पहुँच के उसका एकदम खिलना औरे देर तक मुरझाये बैठे रहना, धूप से बचती उसकी लाल रंग छोड़ती कुम्हलाई त्वचा कुछ अस्वाभाविक सी लगती है। चलते चलते उस लड़की की उँगलियाँ अब रास्तों में पड़ने वाले हरे,लाल,गुलाबी जैसे तमाम रंगों में रंगी खिलते मुरझाते वनस्पतियों का हाल चाल नहीं लेती, वो दबे पाँवों सिकुड़ कर निकल जाती है, वो इतनी मौन तो नहीं थी कभी, कि उसे अब मौसम की चुहुलबाजियां पसंद नहीं। हलकी हलकी ठंढी हवाएँ अब उसके होंठों को नहीं सुखाती हैं। वो अब किसी तीव्र मोड़ पर अपने सुर्ख ख़िजाबि बालों को हवा में आज़ाद उड़ने नहीं देना चाहती। उसे अपने ही खुले बालों से तक़लीफ़ होने लगती है। उसकी ख्वाहिशों में अब पहाड़ी जंगलों के बीच पतली पतली उबड़ खाबड़ पगडंडियों में खो जाना नहीं है, उसके जेहन में खारे, लेकिन गहरे ठहरे समुद्र के किसी एकांत में बस जाने की चाह है। वो शांत है, और उसकी इस शांति की चाहत में किसी की दखलंदाज़ी पसंद नहीं। उसे किसी भी तरह की आवाज़ अच्छी नहीं लगती। एक अरसा हुआ उसके चेहरे पर हज़ारों ख्वाहिशों भरी मुस्कान देखे हुए। हंसी के बादल उसके चेहरे पर घुमड़ते हैं जैसे कभी कभी काले घने बादल उदासी के। दोनों ही सूरतों में वो बरसना भूल सी गयी है। हुआ क्या है उसे, वो ऐसी वैसी जैसी भी हुयी है क्यों हुयी है ? पूछते हैं उसकी सोहबत में उठने बैठने वाले पेड़,पौधे,पत्ते,फूल,आबोहवा। वो जानते हैं, उसका होना उनके लिए कितना ज़रूरी है। उसके एक एक हर्फ़ पर उन सबकी कहानी दर्ज़ है। सब सहमे हुए हैं उसकी ऊभ से। पूरे पहाड़ पर बेचैन कर देने वाली शांति है। सब जानते हैं वो लड़की जन्म से पहाड़ी नही है, लेकिन जिस अंदाज़ में उसने पहाड़ को, और पहाड़ ने उसको जाना जिया, वो उनके बीच सदियों का रिश्ता सा जान पड़ता है। पर ऐसा क्या हुआ, कि सब बिथरा बिथरा सा लगता है, अचानक दिल दहला देने वाली आवाज़ उस उबाऊ ख़ामोशी की खुमारी को तोड़ती हुयी बादलों की शक्ल में फट पड़ती है। चारों ओर सैलाब से उफनती नदियां उस लड़की को घेर लेती हैं। वो उफनाती उग्र नदियां लड़की को भयभीत करके उसके मन की थाह लेना चाहती थीं। वो लड़की अब भी खामोश एक टक सब बदलता हुआ देखती रहती है, उसकी आँखों में डर नहीं, उसकी देंह में कम्पन नहीं, उसके पास खोने के लिए कुछ नहीं बचा था, सब अपने बेहद अज़ीज़ के खोने से डरते हैं, जैसे पहाड़ को अपने अज़ीज़ को खोने का है। पर उस पहाड़ी लड़की ने अपने को उस समय खो दिया था जब पहाड़ अपने सबसे खूबसूरत अंदाज़ में था। उसने दफ़्न कर दिया था अपने अल्हड़पन, अपनी खूबसूरती और रही बची टूटती उम्मीदों को प्रेम की अंतिम यात्रा में।

गुरुवार, 17 नवंबर 2016


अजनबी सा सब कुछ

बगीचे के सभी फूल खिले हुए हैं. रोज की तरह आज भी सर्दी की सुबह ओस से नहाई हुयी है. आसमान साफ़ है. धरती इतनी नम है कि सूरज की बढती तपिश के साथ उसकी नमी सोंधा पन लिए हवा में तैर रही है.बगीचे की हर प्राकृतिक अप्राकृतिक चीज़ चमक रही है. जैसे सब को खूब रगड़ रगड़ के धोया गया हो चमकाया गया हो.बगीचे में हर रोज आते जाते अपने ही क़दमों से बनी लीक पर जैसे ही आज सुबह पहला कदम पड़ता है.चिपचिपी मिट्टी तलुओं में चिपक जाती है और गीली मिट्टी की परत दर परत पैर को भारी करती चली जाती हैं.पैर पहली बार इस बगीचे में ओस की चादर में लिपटी हरी घास का पथ नहीं ढून्ढ पा रहे हैं .और जहां थोड़ी बहुत घास की कतरने दिखती भी, वहाँ दिल दिमाग घास के मैला हो जाने के डर से मिटटी से सने पैरों को रोक देता.बगीचे में खिले सबसे सुन्दर  फूल को जैसे ही महसूसने के लिए हाँथ बढाता कांटे झट से आगे आ जाते. कांटे की चुभन एहसास दिलाती है कि यह वही फूल है जिसकी पौध कुछ सालों पहले लगायी गयी थी.उस घने पेड़ के नीचे पड़ी बेंच गीली है.झूलों के पटले भी गीले हैं उनकी जंजीरें जंग से लाल हो रही हैं.  बगीचे के माली काका की घूरती आँखें विचलित कर रही हैं .
हर लम्हा हर कदम हर द्रश्य अजनबी सा लग रहा था .कहीं कुछ अप्रिय घटित होने के संकेत भी नहीं मिल रहे हैं. . 

बच्चों को उड़ने दो ..

 उड़ने दो , उड़ने दो  बच्चों को उड़ने दो ... गर नाक अटक जाए  तो भी तो  उड़ने दो ..   जिस ऊर्जा का  संचार प्रवाह  हो उद्दंड  उसको भी  उड़ने दो  कह...