कुल पेज दृश्य

सोमवार, 25 अप्रैल 2022

सुगना की गुड़िया !



 सुगना का अपना अलग संसार है । जिसमें तमाम सारी गुड़िया हैं । छोटे छोटे खिलौनों वाला किचन सेट है । कहानियों वाली किताबें हैं । उसने अपनी सभी गुड़ियों का नाम रख रखा है । कुछ नाम कार्टून की दुनिया से आते हैं । तो कुछ विदेशी नामों से पहचानी जाती हैं। यूँ तो उसके रोज के जीवन में किसी न किसी गुड़िया का साथ रहता है । पर उसकी सबसे चहेती गुड़िया का नाम " सुनती" है । वो रोज शाम को सोने से पहले उस गुड़िया से बाते करती है । 

दरअसल वह गुड़िया रिकॉर्डिंग वाली गुड़िया है । सुगना उसके पेट पर लगी एक छोटी सी बटन को दबाती है । और वो गुड़िया बोल पड़ती है । " आज क्या है तुम्हारे दिल में " इतना कहना होता है । कि सुगना उसे अपनी नज़रों के सामने रखती है । सुनाने लगती है अपने दिल की बातें। यह गुड़िया उसके पापा ने कुछ साल पहले उसे जन्मदिन पर गिफ्ट की थी ।

सुगना के मम्मी पापा नौकरीपेशा हैं। मम्मी शाम को काम से आती है । पापा हफ्ते में एक या दो दिन के लिए घर आते हैं । ढेर सारा काम निबटा के मम्मी पापा के पास सुगना के साथ खेलने , बैठने या बात करने की क्षमता नही बचती। सब के इकट्ठा होने के बावजूद भी घर में एक अजीब सी चुप्पी रहती है । बात होती है । मगर गैर जरूरी बात कुछ भी नही ।

सुगना के मम्मी पापा उसे बेहद प्यार करते हैं । पर भाग दौड़ भारी जिन्दगी ने उसके जीवन में बहुत सा अबोला भर दिया था। जिसकी पूर्ति वो " सुनती " को सुना के पूरी करती है । वो उससे बातें करती है । बात करते करते सो जाती है । सुबह उठ कर स्कूल जाने से पहले वो सुनती का बटन ऑफ करती है । और उसको बाय बोल स्कूल चली जाती है । 

सुगना की गुड़िया में सुगना के संसार की बातें कैद होती रहती हैं दिन पर दिन । पढ़ाई , लिखाई को लेकर मम्मी की डाँट का जिक्र उनमें होता । तो पापा की मम्मी के साथ गाली गलौज की शिकायतें उनमें दर्ज रहती । हर छोटी बड़ी बातों में सुगना प्यार का हिसाब किताब ढूंढ लाती है । मम्मी इतना प्यार करती हैं मुझे । पापा इतना करते हैं । सुबह और शाम के घटनाक्रमों के टुकड़े जोड़ तोड़ कर सुगना अपनी गुड़िया को सुना देती । पिज़्ज़ा , मैगी , पास्ता, मैक्रोनी , फ्राइज़ की चटपटी बातें सुना के सुगना सुनती से पूछती ! मज़ा आया ? 

इस बार गर्मी की छुट्टियों में सुगना अपनी मम्मी के साथ नानी के घर चली गयी । पापा की हिदायत के बावजूद भी वो गुड़िया को यहीं भूल गयी । नानी के घर पहुँचने के बाद सुगना को गुड़िया के छूट जाने का ख्याल आया । वो थोड़ा उदास हुई । पर नानी के यहाँ उदासी ज्यादा दिन टिकती नही । 

अबकी वीकेंड जब पापा घर आए तो उन्हें सुगना की बहुत याद आयी । वो जाना तो चाहते थे सुगना के साथ । पर घर अकेला नही छोड़ा जा सकता था । सुगना का गुड़ियों का संसार देख उन्हें उस पर और ज्यादा प्यार आने लगा । उन्होंने सुनती को भी हाँथ में लिया । सुनती के बालों के पीछे एक हिडेन बटन था । जिसके बारे में पापा ने सुगना को कभी नही बताया गया था। उसको दबाते ही सुनती के भीतर जितनी बातें रेकॉर्ड हुई थी । वो बारी बारी बजने लगी ।

सुगना की मीठी बातें पापा की आंखों को नम करती रहीं । उसका प्यार , उसकी शिकायतें , उसका दुलार सुन कर पापा को लगा ही नही जैसे पापा सुगना से कभी दूर भी होते हैं । प्यार के मामले में मम्मी का पापा से ज्यादा जिक्र पापा को रश्क से भर देता । 

पर इस बीच कुछ ऐसा घटने लगा जिसके बारे में पापा ने कभी सोचा नही था । सुनती बोलती रही ........ आज अंकल आये थे , उन्होंने मुझे चॉकलेट खिलायी । अंकल मम्मी का बहुत खयाल रखते हैं । पापा अंकल की तरह क्यों नही हो ? ..... 

आज फिर अंकल आये थे । उन्होंने मुझे कहानी सुनाई । अंकल के पास ढेर सारी कहानियाँ हैं । पापा के पास कहानियाँ क्यों नही है ? .....

अंकल ने मुझे लोरी सुनाई । और वो मम्मा के साथ सो गए । .....

पापा ने झट से सुनती की बोलने वाली बटन बन्द कर दी । सुनती को एक किनारे रख दिया । पापा के दिमाग में ऊल जुलूल ख्याल आने लगे । पूरी रात बेचैनी में कट गई । सुबह उन्होंने सुनती का सुनने वाला बटन दबाया । और कहा बेटू आई मिस यू , आई लव यू , आई एम कमिंग । 


रविवार, 24 अप्रैल 2022

ख़त !



 तुम्हारे पुराने पते पर

मैंने कई ख़त लिखे

ख़त में तुम्हारा नाम
नही लिखा कभी

न लिखी आपबीती
न भारी समय की व्यथा

क्या लिखता तुम्हे
नए पते पर
जहाँ अब मैं नही रहता

ख़त में लिखी बातें
पते के साथ
अर्थ बदल देती हैं । 

शनिवार, 26 फ़रवरी 2022

समय बदल चुका है !


समय बदल चुका है
या बदलने वाला है
दोनों ही समय
पथराई आंखों में
धूल झोंकने जैसा है
समय बदलता रहता है
सेकंड या कहें नैनों सेकंड पर सवार
हम वैसे नहीं रहते अगले क्षण
जितना बीतता है बदलता है
जैसे मौसम
हमारे आस पास की आब ओ हवा
मन के ताने बाने
आते जाते लोग
नए समय से दो चार होते
हम पहुँच रहे होते हैं
बदले हुए समय
बीते समय को छोड़
जो सच मुच बदल चुका है । 

सोमवार, 3 जनवरी 2022

छाँव !

 कोहनियों में दर्द फूटता है

घुटनों के नीचे माँस जम जाता है
उंगलिया थक जाती हैं
काँधे जकड़ जाते हैं
दो मुँही हाँथ की लकीरें
रात को खत्म हो जाती हैं

मैं रोज बेदम
इक राह जोतता हूँ
हिज़्र की ,
कुफ़्र से
दो चार होता हूँ

धिक्कारता खुद को
शिकायतें ओढ़ता
तमाम तरह की न सुनते
स्नेह तपकता है

मैं खुद से
भागता हूँ दिन रात
तलाश में एक अदत
छाँव !

रविवार, 12 दिसंबर 2021

"कुम्हलाए बच्चे"


 बच्चों की दुनिया बड़ी अजीब होती है। बड़ों से एकदम उलट दिखने वाली दुनिया में तमाम यातनाएं होती हैं। बच्चों और बड़ों की दुनिया में अघोषित शीत युद्ध चला करता है । अक्सर बड़े, बच्चों से भागते हैं और बच्चे बड़ों की संगत से डरते हैं। हमने अपने इर्द गिर्द ऐसा ही समाज बना रखा है । जहाँ हम बच्चों की भावनाओं से जाने अनजाने खिलवाड़ करते हैं ।

बच्चे की चाहत लिए एक परिवार कितने गर्व से बच्चों को इस धरती पर लाता है। फिर खेल खिलौनों की उम्र तक बच्चे प्यारे लगते हैं। धीरे धीरे बच्चों की दुनिया में हम बड़े अपनी धाक जमाने लगते हैं। और मासूम सा बचपन कुम्हलाने लगता है ।
कुछ दिनों पहले मैंने फैसला किया था। कि चलो कुछ दिन बड़ों की संगत छोड़ बच्चों की संगत देखी जाए। एक शाम मोहल्ले के बच्चों को घर पर शॉर्ट फिल्म दिखाने बुलाया। मोहल्ले के बच्चों के साथ ऐसा पहली बार होने वाला था। उन्हें बर्थडे पार्टी के निमंत्रण आते थे। पर शार्ट फ़िल्म देखने को पहली बार उन्हें बुलावा आया था। मैंने भी तुरत फुरत उनके अभिभावकों से शार्ट फ़िल्म दिखाने की इजाजत ले ली थी। जिससे बच्चों के भीतर कम से कम उस समय अपने माँ बाप का डर न सताता।
6 - 7 बच्चे आए। उनके लिए सत्यजीत रे की शार्ट फ़िल्म "टू" का प्रसारण घर की बड़ी टीवी पर किया गया। कमरे की लाइट्स ऑफ। पहले कुछ मिनट बच्चों को इस नए माहौल में एडजस्ट होने में लगा। फिर बच्चे फ़िल्म वाले दो बच्चों के संग हो लिए । यह फ़िल्म दो विपरीत परिस्थिति के बच्चों के गहरे संवाद पर आधारित है। फ़िल्म खत्म हुई । लाइट्स वापस जला दी गयी। बच्चों की प्रतिक्रिया प्रश्नवाचक थी। मुझे भी उन्हें सवालों के साथ छोड़ना था। सो छोड़ दिया।
बाद में मुझे उनके अभिभावकों से पता चला कि बच्चे उस फिल्म के दौरान बोर हो गए। लेकिन मेरे लिए वो बोरियत भी काफी लाभदायक लगी। कम से कम बच्चों ने पहली बार एक साथ मिल के कोई ढंग की फ़िल्म देखने का अनुभव किया। अगली बार उन्हें कोई फ़िल्म अच्छी भी लग सकती है । मेरे लिए बच्चों की संगत नया अनुभव था। मुझे बेहद पसंद आया।
दो दिन पहले एक विवाह समारोह में जाना हुआ। वर और वधु पक्ष अपने अपने पाले में तैयारियों में जुटे थे। सजी धजी पोशाकें । गले , उंगलियों और पैरों में सोने चाँदी के भारी भारी जेवरातों के साथ लोग उत्सव में तल्लीन थे। मैं फिर से बड़ों की दुनिया से निकल बच्चों की दुनिया में पहुच गया। वर एवं वधु पक्ष के बच्चे पाले की सीमाएं लाँघ कर साथ खेल रहे थे। उत्सव लॉन की मखमली घास पर बच्चे दौड़ लगाएं। खूब गुत्थिम गुत्था होता रहा। वो सभी बड़ों से दूर थे। इसलिए बेरोकटोक खूब खेले। मैं उन के खेल देखता रहा। वो कई बार गिरे , कपड़े झाड़े और फिर खेलने लगे। बीच बीच खाने पीने के स्टालों पर कुछ खा पी आते। खेलते खेलते बच्चों के चेहरे लाल पड़ चुके थे।
बड़े जहाँ भी खेलते बच्चों को देखते । आँख दिखाते। ऊंची आवाज में उन्हें अनहोनी का डर दिखाते। कई बार बच्चों ने बड़ों की चपत भी खायी। 
कुछ देर बाद फिर से सब सामान्य। उन सभी बच्चों में तीन बच्चों में जबरदस्त ऊर्जा थी। तीनों लगभग एक ही कद काठी के । वो शायद पहली बार मिल रहे थे। लेकिन उनके खेल के संयोजन और सामंजस्य को देख लग रहा था। जैसे वो साथ ही रहते हों। कुछ ही घंटों में वो तीनों बच्चे बड़ों की दुनिया में शैतानियों के लिए मशहूर हो गए । उनकी चर्चा होने लगी। मैं उनमें से एक बच्चे की माँ से मिला। उन्होंने मुझसे तड़ाक से सवाल किया। " मिले मेरे खूंखार बच्चे से" । मैंने भी मुस्कुरा के उनका खूंखार होना स्वीकार किया।
उन तीन बच्चों के खेल से सबसे ज्यादा बुजुर्ग आतंकित थे। वो दूर से बैठे बैठे इन बच्चों की गालियों से बलैयां ले रहे थे। बच्चे उन बुजुर्गों के पास गए तक नही। फिर भी उनकी त्योरियां इन बच्चों पर चढ़ी रही। वो उनकी चुगलियां बच्चों के माँ बाप से करते। माँ बाप बीच बीच तैश में आकर बच्चों को हाँक लगाते। यह देख कर बुजुर्गों को कुछ तसल्ली मिलती। मैं उन बुजुर्गों के पास थोड़ी देर बैठा। वे सभी अच्छे अच्छे सरकारी नौकरियों से रिटायर्ड सभ्य समाज के झंडाबरदार थे। उनमें से किसी एक ने कहा " ये तीनों बच्चे बड़े हरामी हैं " । दूसरे ने सुर मिलाते कहा " आज कल के बच्चे बर्बाद हो गए हैं" । तीसरे ने अभिभावकों पर लानत फेंकते हुए कहा " माँ बाप ने ही बच्चों को बिगाड़ रखा है" । हमारे जमाने में मजाल है बच्चे बड़ों की बात न मानते। मुझ से वहाँ ज्यादा देर बैठा न गया। उनकी बातों में हिन्सा थी , क्रोध था और बच्चों को मसल देने की घुड़की थी। मैं फिर बच्चों के बीच आ गया। उनके पास आकर काफी हल्का लग रहा था। एक छोटी सी बच्ची मेरे पास आती है। मुझसे हाँथ मिलाती है। मैं उसके साथ खेलने लगता हूँ।
कार्यक्रम खत्म हो चुका था। मुझे वो सारे बच्चे और उन बुजुर्गों की बातें रह रह कर याद आ रही थीं। आधे रास्ते मैंने अपनी गाड़ी एक ढ़ाबे पर रोक दी। दो तीन सिगरेट लगातार पीने की तलब लगी। मैं ढाबे के पास वाली पान की दुकान पर गया। लगभग उन्ही तीन बच्चों के हमउम्र दो बच्चे पान की दुकान पर मोबाइल में कुछ देख रहे थे। एक आदमी दुकान में सो रहा था। मैंने सिगरेट माँगी। बच्चों ने मोबाइल किनारे करते हुए पूछा कौन सी सिगरेट ! उनके कपड़े ग्रीस और मोबिल से सने थे। वे बहुत दुबले पतले मगर फुर्तीले दीख रहे थे। दोनों किसी ट्रक मेकैनिक के यहाँ सहायक का काम करते हैं। अभी पानवाले को राहत देने के लिए कुछ देर यहाँ बैठे हैं। मुझे बच्चों से सिगरेट लेने में अजीब सी हिचकिचाहट हो रही थी। एक बच्चे ने सिगरेट मेरी तरफ बढ़ाई। उसके नन्हे नन्हे काले हाँथ । हंथेली में पाना रिंच से धट्ठे पड़े हुए। हंथेली के ऊपर ताज़े जले के निशान थी। मैंने बच्चे से पूछा कैसे जल गए ?
उसने ट्रक के इंजन की तरफ हाँथ उठा के इशारा किया । वो मुस्कुरा दिए। फिर से मोबाइल में गुम हो गए । मेरा हृदय भर आया। मुझसे और वहाँ न रुका गया।
घर आते ही मेरे बच्चे ने दरवाज़े पर ही खबर दी। कि मम्मा बहुत गुस्से में है। वो तीन दिन से मुझे पढ़ा रही है। मैं लर्न करता हूँ और भूल जाता हूँ। मम्मा भूलने पर बहुत मारती है।
मैं हताश हो गया था। बच्चों की दुनिया में और रहने व उनकी संगत का फैसला तुरंत रद्द कर दिया। मेरे भीतर उनकी दुनिया के तनाव लेने का ताब नही बचा था। मैं हार चुका था। मगर बच्चे उस दुनिया से मुस्कुराते हुए निकल आते हैं। 

बच्चों को उड़ने दो ..

 उड़ने दो , उड़ने दो  बच्चों को उड़ने दो ... गर नाक अटक जाए  तो भी तो  उड़ने दो ..   जिस ऊर्जा का  संचार प्रवाह  हो उद्दंड  उसको भी  उड़ने दो  कह...